कोरबा में बेरोजगार युवाओं को शराब दुकानों में नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाले सक्रिय हो गए हैं। वॉट्सऐप और फेसबुक जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए यह ठग नौकरी का प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। रकम जमा करने के 24 घंटे के भीतर ज्वाइनिंग का आश्वासन दे रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, एक युवक कुछ बेरोजगार लोगों को झांसा देकर अपने साथ मिला रहा है। जब कोई बेरोजगार उसे कॉल करता है, तो वह नौकरी देने के बदले पैसों की बात करता है। सौदा तय होने के बाद, वह कहता है कि रकम जमा करने के 24 घंटे के अंदर मनचाही शराब दुकान में नौकरी मिल जाएगी।
ऐसे हुआ मामले का खुलासा
मामले का खुलासा तब हुआ, जब एक युवक शराब दुकान में नौकरी के लिए संपर्क किया। ठग ने उसे फर्जी नियुक्ति पत्र दिया। जिसमें युवक को टीपी नगर की विदेशी मदिरा दुकान में सेल्समैन बनाया गया बताया।गया। यह आदेश दीपावली के अगले दिन जारी हुआ है।
जब वह कन्फर्म करने जिला आबकारी कार्यालय पहुंचा था उसे बताया कि विभाग को ओर से कोई आदेश या नियुक्ति पत्र जारी नहीं किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि विभाग की जानकारी के बिना किसी दुकान में कर्मचारी की नियुक्ति संभव नहीं है।
यह भी बताया कि कुछ मामलों में दस्तावेजों में छेड़छाड़ कर नियुक्ति पाने वालों को पहचान कर नौकरी से निकाल दिया गया है।
37 देसी और विदेशी दुकानें
जिले में वर्तमान में 37 देसी और विदेशी मदिरा दुकानें संचालित हैं, जिनका संचालन ऑल सर्विस ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड नामक प्लेसमेंट एजेंसी के माध्यम से किया जा रहा है। एजेंसी ने सभी दुकानों में सुपरवाइजर, सेल्समैन और मल्टीपर्पज कर्मचारी नियुक्त कर दिए हैं। वर्तमान में किसी भी दुकान में किसी पद पर वैकेंसी नहीं है।
सहायक आयुक्त ने की ये अपील
विभाग के सहायक आयुक्त आशा सिंह ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति शराब दुकान में नौकरी दिलाने का आश्वासन देकर पैसे मांगता है, तो तुरंत विभागीय कार्यालय से संपर्क करें। नौकरी के नाम पर ठगी करने वाले ऐसे तत्वों से सावधान रहें और किसी भी परिस्थिति में पैसे न दें।





















