कोरबा जिले में नकाब पहनकर बदमाशों ने लूट और मारपीट की घटना को अंजाम दिया है। घटना 10 नवंबर की रात की है। ढोढ़ीपारा स्वागत गेट के पास बदमाशों ने महेश्वर साहू नामक युवक को रोककर उसे बेरहमी से पीटा। उसका मोबाइल पासवर्ड खुलवाया और फिर ATM ले गए। जहां से पैसे निकलवाएं।
बदमाश मोबाइल और नकदी छीनकर भाग गए। घटना की सीसीटीवी भी सामने आया है। पीड़ित के मुताबिक, बदमाश नशे में थे। मारपीट में उसे गाल, नाक और सिर में चोटें आईं है। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। पीड़ित ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। हालांकि 4 दिन बाद भी आरोपी नहीं पकड़ाए है।
नशे में थे बदमाश, मारने की धमकी दी
जानकारी के अनुसार, पीड़ित महेश्वर साहू ढेंगुरनाला कोहड़िया का रहने वाला है और टीपी नगर में एक मोबाइल दुकान पर काम करता है। 10 नवंबर को वह अपने छोटे भाई की जगह नगर पालिक निगम कोरबा की ओर से पानी छिड़काव करने के लिए साइकिल से टीपी नगर स्थित नगर निगम ऑफिस जा रहा था।
रात करीब 10:40 बजे जब वह ढोढ़ीपारा स्वागत गेट के सामने गार्डन के पास पहुंचा, तो वहां 4-5 अज्ञात लड़के मिले जो नशे में लग रहे थे। उन्होंने महेश्वर को रोका, खींचकर रेलवे लाइन के किनारे ले गए और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
बदमाशों ने हाथ-मुक्कों और बाल्टी से उसकी पिटाई की। उन्होंने महेश्वर से उसके सिम लगे मोबाइल का पासवर्ड खुलवाकर मोबाइल छीन लिया और उसके कपड़ों की तलाशी लेकर पैसे भी ले लिए।

शरीर के खई अंगों में आई चोट
मारपीट में महेश्वर के बाएं गाल, नाक और सिर में चोटें आईं। घटना को अंजाम देने के बाद सभी युवक उसे वहीं बैठने को कहकर चले गए। रात करीब 12:30 बजे पीड़ित किसी तरह टीपी नगर स्थित नगर निगम कार्यालय पहुंचा और घटना के बारे में गार्ड जवाहर को बताया। गार्ड से फोन लेकर उसने परिजनों को जानकारी दी और सिविल लाइन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
महेश्वर साहू की रिपोर्ट पर अज्ञात 04-05 लड़कों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 115(2), 126(2), 296, 3(5), 304(2), 351(3) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। पीड़ित ने शिकायत में बताया है कि घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी आरोपी पकड़े नहीं गए हैं और उसे पुलिस को बताने पर जान से मारने की धमकी दी गई है, जिससे वह डरा हुआ है। उसने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।





















