बिलासपुर। शहर के करबला इलाके में शनिवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब दो इलेक्ट्रॉनिक दुकानों में अचानक भीषण आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और दुकानों से उठती ऊंची लपटों के साथ धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा। घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार, सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के करबला इलाके में स्थित आहूजा टीवी सेंटर और साईं इलेक्ट्रॉनिक की दुकानों में अचानक आग लग गई। दुकानों से धुआं निकलता देख स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना तत्काल दमकल विभाग को दी। आग की भयावहता को देखते हुए मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम बिना देर किए घटनास्थल पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग के आसपास की दुकानों और प्रतिष्ठानों तक फैलने की आशंका को देखते हुए एहतियातन दुकानों के भीतर मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। दमकलकर्मी लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटे रहे।
फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। वहीं, दोनों इलेक्ट्रॉनिक प्रतिष्ठानों में रखे सामान को कितना नुकसान पहुंचा है, इसका आकलन भी नहीं किया जा सका है। आग पर पूरी तरह काबू पाने और जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति सामने आ सकेगी।
इस घटना ने एक बार फिर शहर के व्यस्त व्यावसायिक इलाकों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।


