कोरबा
बालको नगर के सोनगुढ़ा पंचायत अंतर्गत तरईडांड गांव में बीते मंगलवार की रात नकाबपोश सशस्त्र बदमाशों ने किसान शत्रुघ्न दास व परिवार के सदस्यों को बंधक बनाकर डकैती की थी। पुलिस ने मंगलवार को डकैती का खुलासा करते हुए 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
इनमें पड़ोसी पिता-पुत्र भी शामिल हैं, जिन्होंने डकैतों को गड़ा धन और किसान के घर में एक करोड़ रुपए होने की बात कही थी। परिवार की सारी जानकारी भी इन्होंने ही डकैतों को दी थी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में विशेष टीम के अधिकारी व कर्मचारियों को अलग-अलग बिंदुओं पर जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
सीसीटीवी फुटेज, सीडीआर और कॉल डंप समेत अन्य जानकारी जुटाई गई। शहर के विभिन्न मार्गो पर करीब 100 जगहों के सीसी फुटेज और 100 से अधिक संदिग्ध मोबाइल नंबरों को खंगालकर पुलिस ने सुराग जुटाए। इसके आधार पर पुलिस ने 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसमें पीड़ित किसान के पड़ोसी साहिब दास (44), उसका बेटा सुनील दास (25), विदेशी दास (36) शामिल हैं। घटना का मुख्य आरोपी कटघोरा निवासी चंद्रकांत डिक्सेना बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक पड़ोसी बाप-बेटे ने विदेशी दास के साथ मिलकर चंद्रकांत को किसान शत्रुघ्न दास के घर में गड़ा धन होना बताया था। उन्होंने यह भी कहा कि निलंबित प्रशासनिक अधिकारी सौम्या चौरसिया का 1 करोड़ रुपए भी किसान के घर में है। आरोपी चारपहिया में पहुंचे थे। पुलिस ने आरोपियों से वाहन, एयर गन, तलवार, सब्बल और डंडा बरामद किया है। हालांकि रकम अब तक बरामद नहीं हुई है।
इनको किया गिरफ्तार डकैती के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी कटघोरा निवासी चंद्रकांत डिक्सेना, तरईडांड के साहिब दास, सुनील दास, विदेशी दास, जांजगीर-चांपा नगरदा निवासी नंदकिशोर राठौर, सारागांव निवासी कलेश्वर सिंह, बिर्रा निवासी पवन पूजन सिंह, उमेश सिंह ठाकुर, संतोष कुमार श्रीवास, बांकीमोंगरा निवासी समार सिंह व रतिराम यादव, दर्री निवासी नरसिंह दास, कटघोरा निवासी श्याम जायसवाल, प्रदीप यादव, अर्जुन विश्वकर्मा, हरदीबाजार बोईदा निवासी गोरेलाल पटेल, रितेश श्याम, कुम्हारपारा निवासी शंकर पटेल व रेकी बाजारपारा निवासी गुनितराम पटेल को गिरफ्तार किया है।





















