कोरबा शहर में व्यावसायिक कॉम्पलेक्स एसएस प्लाजा में शॉर्ट सर्किट से आगजनी की घटना में श्री बालाजी स्टील एम्पोरियम में भीषण आग लगने से लाखों का नुकसान हुआ है। दुकान संचालक बर्तन कारोबारी विक्की अग्रवाल ने मंगलवार को सिटी कोतवाली में नुकसान की जानकारी दी है। इसमें लाखों के सामान और फर्नीचर जलकर राख होना बताया गया है।
वहीं घटना के बाद कॉम्पलेक्स में बिखरा जला हुआ सामान व मलबा हटा लिया गया है। वहीं जले हुए हिस्से को ग्रीन नेट से ढका गया है। आगजनी मे पद्मिनी ज्वेलर्स के बाहरी हिस्से को नुकसान पहुंचा है। दुकान का पूरा सामान समय रहते हटा लिए जाने से सुरक्षित है। संचालक जगदीश सोनी मरम्मत करवा रहे हैं। श्री बालाजी इलेक्ट्रानिक्स के संचालक रूपेश अग्रवाल ने दुकान को अस्थाई रूप से नए शोरूम में शिफ्ट कर दिया है।
बर्तन कारोबारी विक्की अग्रवाल की एसएस प्लाजा में निचले तल पर पद्मिनी ज्वेलर्स के बाद कोने की दुकान है। वहीं ऊपरी तल की दोनों दुकानें भी उनकी ही हैं। यहां गैलरी में चलने-फिरने की जगह में अवैध कब्जा कर शेड लगाकर गोदाम बनाया गया था। नक्शे के विपरीत छत पर शेड बनाकर गोदाम बनाया गया था। पद्मिनी ज्वेलर्स के संचालक जगदीश सोनी के मुताबिक उन्होंेने डेढ़ साल पहले ही नगर निगम व पुलिस से अवैध कब्जे की लिखित शिकायत की थी। बिल्डर को भी जानकारी दी गई थी, लेकिन ध्यान नहीं दिया गया।
85 लाख का नुकसान की सूचना, बीमा कवर: सिटी कोतवाली टीआई एमबी पटेल के मुताबिक बर्तन व्यापारी विक्की अग्रवाल ने 85 लाख के नुकसान होने की सूचना दी है उसमें 80 लाख का माल (बर्तन) होना बताया है। जिसका बीमा कवर भी होना बताया गया है। वहीं दुकान व गोदाम में बर्तन रखने के लिए बने 5 लाख का फर्नीचर जलना भी बताया है। आग किस तरह से लगी और आग से बचाव के संबंध में सुरक्षात्मक उपाय किए गए थे या नहीं इसकी जांच की जा रही है।


