छत्तीसगढ़ के कोरबा में एक युवक ने कथित तौर पर पुलिस प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर ली। युवक ने अपनी मौत से पहले एक लाइव वीडियो बनाया और उसे अपने दोस्तों के साथ शेयर किया। यह घटना उरगा थाना क्षेत्र के पताड़ी में हुई, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान 21 वर्षीय सनद कश्यप के रूप में हुई है, जो जांजगीर-चांपा जिले के चोरभट्टी गांव का निवासी था। सनद पताड़ी के पास अशोक लीलैंड कंपनी के वर्कशॉप में मैकेनिक का काम करता था और कंपनी द्वारा दिए गए कमरे में रहता था।
सनद के साथ कमरे में रहने वाला धीरेंद्र पाटले हाल ही में गेवरा की एक युवती के साथ फरार हो गया था। धीरेंद्र के लापता होने की शिकायत जांजगीर-चांपा जिले के पंतोरा थाने में दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।

वीडियो में युवक ने पुलिसकर्मियों पर प्रताड़ना का आरोप लगाया
युवक और युवती की तलाश के दौरान, पंतोरा पुलिस ने सनद कश्यप से संपर्क किया। सनद ने अपने वीडियो में आरोप लगाया है कि पंतोरा थाने के पुलिसकर्मियों ने उसे धीरेंद्र और युवती को भगाने में मदद करने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज की।
उसने कहा कि उसे घर वालों की तरफ से कोई तनाव नहीं था, लेकिन पुलिस की गालियों और थाने बुलाए जाने के डर से वह बहुत परेशान था।
पुलिस प्रताड़ना के इन आरोपों के बाद सनद कश्यप ने यह आत्मघाती कदम उठा लिया। वह अपने परिवार में चार भाइयों में सबसे छोटा था।
इस मामले में उरगा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि उन्हें घटना की सूचना मिली है और आगे की जांच कार्रवाई की जा रही है।




















