महतारी वंदन योजना के तहत e-KYC फ्री होने के बावजूद मिशन रोड पर अवैध वसूली सरकारी नियमों की खुले आम उड़ रही धज्जियां
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में सरकारी योजना के तहत मुफ्त e-KYC के नाम पर अवैध वसूली का मामला सामने आया है। वार्ड नंबर 01, मिशन रोड स्थित एक चॉइस सेंटर में महिलाओं से 50-50 रुपये लिए जाने की शिकायत ने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
महतारी वंदन योजना के अंतर्गत सरकार द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि e-KYC प्रक्रिया पूरी तरह निशुल्क होगी। इसके बावजूद संबंधित चॉइस सेंटर (CSC ID 618353390012) का संचालक खुलेआम नियमों की अनदेखी करते हुए हर महिला से पैसे वसूल रहा है।
इस मामले से जुड़ी वीडियो और तस्वीरें भी सामने आई हैं, जो जमीनी हकीकत को उजागर करती हैं।
संचालक अपने निजी केंद्र में बैठकर यह वसूली कर रहा है, जिससे गरीब और जरूरतमंद महिलाएं मजबूरी में पैसे देने को बाध्य हो रही हैं। यह स्थिति न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि सरकारी योजनाओं की पारदर्शिता पर भी सवाल खड़े करती है।
*प्रशासन पर सवाल:*
सरकार की सख्त गाइडलाइन के बावजूद इस तरह की वसूली होना कई सवाल खड़े करता है। क्या जिम्मेदार अधिकारी इस मामले से अनजान हैं, या फिर इस तरह की गतिविधियों को मौन समर्थन मिल रहा है?
यह मामला सिर्फ अवैध वसूली का नहीं, बल्कि गरीब महिलाओं के अधिकारों से जुड़ा है। यदि समय रहते इस पर कार्रवाई नहीं की गई, तो ऐसे बिचौलियों के कारण सरकारी योजनाओं की साख पर असर पड़ सकता है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या ठोस कदम उठाता है या यह मामला भी ठंडे बस्ते में चला जाएगा।




