कोरबा। जिले के बालको नगर रिंग रोड स्थित ढेंगुर नाला पुल की जर्जर स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ती जा रही है। पुल की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि यहां से गुजरना अब जान जोखिम में डालने जैसा हो गया है। बावजूद इसके रोजाना हजारों भारी वाहन और आम नागरिक इसी मार्ग का उपयोग करने को मजबूर हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार पुल की सतह कई जगहों से टूट चुकी है, किनारे धंस गए हैं और बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। भारी वाहनों के गुजरने के दौरान पुल में कंपन महसूस होता है, जिससे कभी भी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। धूल-धक्कड़ और खराब सड़क के कारण राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
लोगों का कहना है कि प्रशासन और संबंधित विभाग को कई बार पुल की खराब स्थिति से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक मरम्मत या पुनर्निर्माण को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इससे स्थानीय नागरिकों में नाराजगी बढ़ रही है।
जानकारी के मुताबिक 20 मई 2026 को बालको नगर में सुशासन त्योहार शिविर का आयोजन प्रस्तावित है। ऐसे में स्थानीय लोगों ने प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और जिम्मेदार अधिकारियों से अपील की है कि वे इसी मार्ग से होकर शिविर स्थल तक पहुंचे, ताकि पुल की वास्तविक स्थिति को करीब से समझ सकें।
ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते पुल की मरम्मत नहीं कराई गई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने प्रशासन से तत्काल पुल के मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।




