कोरबा जिले पुरुषोत्तम साहू की रिपोर्ट

कोरबा। बीती रात हुई तेज़ और लगातार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। पहाड़ के बड़े-बड़े हिस्से टूटकर सड़क पर आ गिरे, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। हालात ऐसे हैं कि सड़क पर मलबा और पत्थर इतने फैल गए हैं कि लोगों के लिए गुजरना नामुमकिन हो गया है। इस वजह से आसपास के कई गांवों का संपर्क मुख्य मार्ग से पूरी तरह कट गया है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम और वन समिति के कार्यकर्ता मौके पर पहुँचे और सड़क को बहाल करने का प्रयास शुरू कर दिया। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जेसीबी मशीन की व्यवस्था कर ली गई है और संबंधित उच्च अधिकारियों को भी तुरंत जानकारी दे दी गई है। जैसे ही जेसीबी मौके पर पहुँचेगी, सड़क की सफाई और बहाली का काम शुरू हो जाएगा।
स्थानीय लोगों ने चिंता जताई कि यह कोई पहली बार नहीं हुआ है। बारिश के मौसम में हर साल पहाड़ टूटने से सड़कें बंद हो जाती हैं और उन्हें कई दिनों तक भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन को स्थायी समाधान की ओर कदम उठाना चाहिए ताकि बार-बार ऐसी समस्या से न गुजरना पड़े।
फिलहाल ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ी हुई हैं और वे सड़क बहाली का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।


