बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रेंज स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित कर नव-नियुक्त प्रशिक्षु उप निरीक्षकों (PSI) को पुलिस सेवा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन दिया। बैठक का आयोजन बिलासपुर के चेतना भवन में किया गया, जिसमें वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों सहित रेंज के सभी जिलों के पुलिस अधीक्षक व प्रशिक्षु उप निरीक्षक शामिल हुए।
आईजी गर्ग ने कहा कि वर्दी पहनने के बाद किसी भी पुलिस अधिकारी का आचरण केवल व्यक्तिगत नहीं रहता, बल्कि वह पूरे विभाग की छवि का प्रतिनिधित्व करता है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को अनुशासन, सदाचार और कानून के प्रति प्रतिबद्ध रहते हुए जनता के बीच विश्वास कायम करने पर जोर दिया।
बैठक में तकनीकी दक्षता बढ़ाने के लिए CCTNS, ई-साक्ष्य, सशक्त, I/O मितान और समाधान जैसे विभागीय डिजिटल प्लेटफॉर्म का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही कंप्यूटर, साइबर अपराध और सोशल मीडिया संबंधी जानकारी को आवश्यक बताया गया।
प्रशिक्षु अधिकारियों को फील्ड अनुभव बढ़ाने के लिए समन और वारंट तामील करने, पुरानी एफआईआर एवं चार्जशीट का अध्ययन करने तथा अनुभवी विवेचकों से सीखने की सलाह दी गई। वहीं थानों में आने वाले पीड़ितों की समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुनकर उन्हें न्याय दिलाने के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य करने पर भी विशेष बल दिया गया।
बैठक के अंत में आईजी गर्ग ने सभी नव-नियुक्त उप निरीक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ पुलिस की छवि और कार्यशैली को मजबूत बनाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी इसी नई पीढ़ी के कंधों पर होगी।









