कोरबा। मानिकपुर चौकी क्षेत्र के कृष्णा नगर निवासी लखन पटेल (35 वर्ष) की मोबाइल रिपेयरिंग दुकान में चोरों ने धावा बोल दिया। घटना 27 सितंबर की रात की बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक लखन पटेल मिनीमाता कॉलेज के पास कुआ भट्ठा मुड़ापार घंटाघर रोड में “लखन मोबाइल रिपेयरिंग सेंटर” का संचालन करता है। 27 सितंबर को दुकान बंद कर वह घर चला गया था। अगले दिन 28 सितंबर की सुबह जब वह दुकान पहुँचा, तो देखा कि शटर का ताला टूटा हुआ है और अंदर का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा है।
माल-मिलान करने पर पता चला कि दुकान से एक लैपटॉप, कई मोबाइल फोन और भारी मात्रा में ईयरफोन चोरी हो गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही लखन पटेल ने मानिकपुर चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और संदिग्धों की तलाश में जुटी है।




