कोरबा | रजगामार क्षेत्र के एक गांव से मजदूर का अपहरण कर यूपी से फिरौती मांगने के मामले में पुलिस टीम ने प्रयागराज पहुंचकर अपहृत को छुड़ाया और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले में मुख्य आरोपी की पतासाजी की जा रही है। बालकोनगर थाना के रजगामार चौकी अंतर्गत चाकामार गांव निवासी विनोद सिंह कंवर (32) के घर गुरुवार को कुछ लोग स्कॉर्पियो पर पहुंचे।
वे विनोद सिंह को अपने साथ लेकर गए। बाद में परिजनों को मोबाइल से उसे यूपी के देवरिया भट्टा ले जाने और जान से मारने की धमकी देकर सवा 3 लाख रुपए की मांग की जाने लगी। अगले दिन अपहृत विनोद की पत्नी सजनी कंवर ने रजगामार चौकी पहुंचकर घटना की सूचना दी। मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू की।
इस दौरान अपहरण करने वालों के यूपी के ईंट भट्ठे से जुड़े होने का पता चला। इसके आधार पर बालकोनगर थाना के एएसआई इमरान खान के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक केरोबिन बड़ा, आरक्षक सलामुद्दीन, विवेक सागर की टीम बनाकर अपहृत ग्रामीण को छुड़ाने व आरोपियों को पकड़ने रवाना किया गया। टीम ने मुखबिर के जरिए जानकारी जुटाकर यूपी से अपहृत को छुड़ाया। प्रयागराज से आरोपी ब्रजेश यादव (30) को पकड़कर स्थानीय कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे ट्रांजिट रिमांड पर गिरफ्तार कर लाया गया।



