कोरबा, 13 अगस्त 2025। ग्राम पंचायत भिलाई बाजार, जनपद पंचायत कटघोरा के सरपंच श्रीमती रजनी मरकाम ने शासकीय उचित मूल्य की दूकान से खाद्यान्न वितरण में लापरवाही के संबंध में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखा है।
पत्र में बताया गया है कि ग्राम पंचायत भिलाई बाजार में इससे पूर्व राशन वितरण जय मां दुर्गा महिला स्व सहायता समूह द्वारा किया जा रहा था, जिसमें किसी प्रकार की शिकायत नहीं थी। मई 2025 में उक्त समूह ने संचालन बंद करने का निवेदन किया और 20 जून 2025 को अनुविभागीय अधिकारी, कटघोरा ने दूकान का प्रभार ग्राम पंचायत नवापारा को सौंपा।
सरपंच के अनुसार, प्रभार प्राप्ति के बाद दूकान में वितरण एक सप्ताह विलम्ब से शुरू हुआ और शक्कर की अनुपलब्धता का हवाला देकर लगभग 10 दिन तक वितरण बंद रहा। जुलाई माह समाप्ति के बाद भी वितरण मशीन में राशन प्रदर्शित नहीं होने के कारण लगभग 150-200 राशनकार्डधारी जून से अगस्त 2025 तक खाद्यान्न से वंचित रहे।
पत्र में यह भी बताया गया कि वितरण कार्य श्रीमती अंजली लता राठौर द्वारा किया जा रहा था, जिन्होंने लगभग 15 दिन दूकान बंद रखकर गरीब और असहाय राशनकार्डधारियों को उनके हक के खाद्यान्न से वंचित किया।
सरपंच ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि शेष राशनकार्डधारियों को उनके हक का खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित करने के साथ दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
प्रतिलिपि में जिला कलेक्टर को भी सूचनार्थ भेजा गया है।




