रामचन्द्रपुर बलरामपुर जिले के सनावल थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर हुए हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।
थाना प्रभारी गजपति मिर्रे के नेतृत्व में पुलिस ने उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले से कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। प्रकरण के अनुसार 11 अगस्त को ग्राम तालकेश्वरपुर निवासी रामसाय गोड़ खेत की जुताई कर रहे थे, तभी सागोबांध उत्तरप्रदेश के नानदेव गुप्ता, ललन गुप्ता, बुचून गुप्ता समेत कई लोग लाठी-डंडा और टांगी लेकर पहुंचे।
उन्होंने जमीन को अपना बताते हुए रामसाय व परिजनों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए गाली-गलौज की। घटना के बाद पीड़ित ने सनावल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले की विवेचना के दौरान पहले चार आरोपियों रामलखन गुप्ता, श्यामबिहारी गुप्ता, लक्ष्मीनारायण गुप्ता और विकास नन्द गुप्ता को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि इन्होंने फरार आरोपियों को भगाने और छिपाने में मदद की थी। इसके बाद 23 अगस्त को पुलिस ने फरार आरोपी सुनील गुप्ता, अंकित कुमार गुप्ता, अरविंद गुप्ता, मनोज गुप्ता और रामनारायण गुप्ता को सोनभद्र जिले के सागोबांध गांव से दबोच लिया। इनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा और मोबाइल भी जब्त किया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धाराओं और एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।




