कोरबा/पाली:- शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर इंडियन पब्लिक स्कूल पाली का प्रांगण भक्ति और उत्सव के रंगों से सराबोर हो गया। विद्यालय में आयोजित डांडिया उत्सव और दुर्गा दर्शन कार्यक्रम में नन्हे- मुन्ने बच्चों ने न केवल गरबे की थाप पर मनमोहक प्रस्तुति दी, बल्कि मां दुर्गा के दरबार में पहुंच कर आशीर्वाद भी लिया।
तस्वीरों में देखा जा सकता है कि कैसे विद्यालय के बच्चों ने इस उत्सव को दो अलग- अलग रूपों में जिया। पहली तस्वीर में विद्यालय परिसर में बनाए गए विशेष डांडिया पंडाल का दृश्य है, जहां ऊपर से लहरा रही रंग- बिरंगी चुनरियां और नीचे बिछी आकर्षक कालीन पर पीले, लाल परिधानों में सजे बच्चे कतारबद्ध खड़े हैं। दूसरी तस्वीर में वही बच्चे शिक्षिकाओं के साथ दुर्गा पंडाल पहुंचे हैं, जहां लाल पर्दों और फूलों से सजे दरबार के सामने हाथ जोड़कर मां दुर्गा की प्रार्थना कर रहे हैं। मासूमों के चेहरे पर भक्ति और उत्साह दोनों साफ नजर आ रहा है। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य बच्चों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रख कर भारतीय संस्कृति, परंपरा और धर्म से जोड़ना है। नवरात्रि का महत्व क्या है, मां दुर्गा के नौ रूपों की आराधना क्यों की जाती है, इसकी जानकारी शिक्षिकाओं ने बच्चों को पंडाल में ही दी। विद्यालय के डायरेक्टर राकेश मिश्रा ने कहा कि हमारा लक्ष्य बच्चों का सर्वांगीण विकास है। ऐसे सांस्कृतिक आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास, एकता और अपनी जड़ों से जुड़े रहने की भावना पैदा करते हैं। वहीं एडमिनिस्ट्रेटर कुणाल महापात्रा एवं प्राचार्य संतोष देवनाथ के नेतृत्व में शिक्षकों ने बच्चों को डांडिया के लिए तैयार करने में विशेष मेहनत की। शिक्षिकाएं बच्चों को पंक्तिबद्ध कर सुरक्षित दुर्गा पंडाल तक ले गईं और पूरे कार्यक्रम को अनुशासित तरीके से संपन्न कराया। रंग, भक्ति और संस्कारों से भरा यह दिन बच्चों के लिए एक यादगार अनुभव बन गया, जिसकी चर्चा पूरे पाली नगर में हो रही है।


