कोरबा। जिले में अपराध और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में थाना करतला पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम बडमार जंगल में संचालित जुए के फड़ पर दबिश देकर 6 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ₹5,350 नकद, 52 पत्ती ताश, एक तिरपाल, 6 मोबाइल फोन और 10 मोटरसाइकिल जब्त की। आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3 के तहत अपराध क्रमांक 111/2026 दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं संबंधित एसडीओपी के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ, सट्टा, नशा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह लगातार जारी रहेगा।


