कोरबा। शहर के निहारिका क्षेत्र स्थित एक मेडिकल स्टोर पर चिकित्सक द्वारा लिखी गई दवा के स्थान पर दूसरी दवा देने का गंभीर आरोप लगा है। मामले में पीड़ित परिवार ने थाना सिविल लाइन रामपुर में लिखित शिकायत देकर मेडिकल स्टोर संचालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता के अनुसार उनकी 50 वर्षीय बहन सीमा अग्रवाल मधुमेह की मरीज हैं और कुछ माह पहले बिलासपुर के एक निजी अस्पताल में उनकी ओपन हार्ट सर्जरी हुई थी। वर्तमान में उनका उपचार कोरबा के चिकित्सक डॉ. संजय पाण्डेय की देखरेख में चल रहा है।
आवेदन में बताया गया है कि चिकित्सक ने 24 जून 2026 को Reclide XR-30, 60 mg सहित अन्य दवाएं लिखी थीं। आरोप है कि 14 जुलाई 2026 को निहारिका स्थित गरिमा मेडिको से दवा खरीदने पर निर्धारित दवा की जगह Reclimet XR-30, 60+500 mg दे दी गई।
परिजनों का कहना है कि गलत दवा का सेवन करने के बाद मरीज का शुगर स्तर लगातार अत्यधिक कम होने लगा, जिससे उनकी तबीयत गंभीर हो गई और कई शारीरिक परेशानियों का सामना करना पड़ा। बाद में दोबारा डॉक्टर को दिखाने पर दवा की जांच में कथित तौर पर गलत दवा दिए जाने की जानकारी सामने आई।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि जब इस संबंध में मेडिकल स्टोर पहुंचकर जानकारी मांगी गई तो पहले कर्मचारियों ने टालमटोल किया। बाद में मोबाइल फोन पर हुई बातचीत में संचालक ने कथित रूप से गलत दवा दिए जाने पर क्षमा मांगी, लेकिन आमने-सामने बात नहीं की।
पीड़ित परिवार ने थाना सिविल लाइन रामपुर में शिकायत देकर मेडिकल स्टोर संचालक के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते गलती का पता नहीं चलता तो मरीज की जान को गंभीर खतरा हो सकता था।
फिलहाल पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।









