कोरबा/पाली:- पाली ब्लाक की ग्राम पंचायतों में अब ग्रामीणों को राशन लेने और नौनिहालों को अक्षरज्ञान सीखने जाने में जर्जर भवन का रोड़ा नही बनेगा। जिला खनिज संस्थान न्यास की राशि से ग्रामों के ग्रामीणों को नवीन शासकीय उचित मूल्य की दुकान सह गोदाम और 3 से 6 वर्ष के बच्चों के लिए आंगनबाड़ी भवनों के गुणवत्तापरख निर्माण से गांवों की तस्वीर बदल रही है।
गांव- गांव डीएमएफ से तैयार हो रहे पीडीएस दुकान सह गोदाम, प्रत्येक भवन के लिए जहां 12.40 लाख तो आंगनबाड़ी भवन प्रत्येक के लिए 11.69 लाख की स्वीकृति मिली है। पंचायतों में जिसके निर्माण की गुणवत्ता, मजबूती और मानक का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। कार्यो का लगातार निरीक्षण भी किया जा रहा है ताकि ग्रामीणों को लंबे समय तक उपयोगी भवन मिल सकें। इन निर्माण कार्यों को लेकर ग्रामीण यांत्रिकी सेवा उप संभाग पाली के अनुविभागीय अधिकारी बी.एल. यादव ने बताया कि जिला प्रशासन के निर्देश और प्राक्कलन के अनुसार कार्य कराए जा रहे हैं और आंगनबाड़ी भवन का निर्माण ऐसा कराया जा रहा है, जिससे पोषण आहार, पूर्व- प्राथमिक शिक्षा और टीकाकरण की सुविधा के साथ बच्चें सुरक्षित और रंगीन चित्रों से सजे आकर्षक माहौल में खेल- खेल में भी अक्षरज्ञान सीख सकें। वहीं शासकीय उचित मूल्य की दुकान के निर्माण से राशन सामाग्री सुरक्षित गोदाम में रखा जाएगा और ग्रामीणों को अब धूप- बारिश से बचाकर व्यवस्थित तरीके से राशन समय पर उपलब्ध होगा। अनुविभागीय अधिकारी श्री यादव ने आगे बताया कि पाली ब्लाक में आधारभूत संरचनाओं का निर्माण कराया जा रहा है और वर्तमान ज्यादातर पंचायतों में पीडीएस व आंगनबाड़ी भवन का निर्माण पूर्ण होकर संचालन में आ चुका है। शेष भवनों का कार्य तेजी से प्रगति पर है और जल्द ही उन्हें भी पूर्ण करा लिया जाएगा। हमारा प्रयास है कि हर भवन गुणवत्ता युक्त हो और समय सीमा में पूरा हो। धरातल पर विकास तब होता है जब पैसा, प्लानिंग और निगरानी तीनो साथ हों। पाली ब्लाक के ग्राम पंचायतों में पीडीएस और आंगनबाड़ी भवनों का निर्माण इसी का उदाहरण है। जब गांव में शासकीय पक्का राशन दुकान होगा तो राशन व्यवस्था पारदर्शी, सुरक्षित होगा तथा पक्का आंगनबाड़ी भवन नौनिहाल बच्चों का भविष्य संवारेगा।





