कोरबा। जिले में कबाड़ के कारोबार को लेकर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में कोरबा कोतवाली पुलिस ने लोहे के सामान और कबाड़ से लदी एक पिकअप तथा एक छोटा हाथी वाहन को पकड़कर थाने में खड़ा कराया है। दोनों वाहनों में लदा सामान चोरी का होने की आशंका जताई जा रही है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि दो वाहनों में लोहे का सामान भरकर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए दोनों वाहनों को रोककर अपने कब्जे में ले लिया। वाहनों के चालकों को थाने लाकर उनसे पूछताछ की जा रही है।
कहां से आया माल, किसका है और कहां जा रहा था?
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वाहनों में लदा लोहे का सामान और कबाड़ कहां से लाया गया था, इसका वास्तविक मालिक कौन है और इसे किस स्थान पर ले जाया जा रहा था। जांच के दौरान यदि सामान के संबंध में कोई वैध दस्तावेज या संतोषजनक जानकारी नहीं मिलती है, तो मामला और गंभीर हो सकता है।
फिलहाल पुलिस ने पूरे मामले को जांच के दायरे में रखा है। सामान चोरी का है या वैध तरीके से खरीदा-बेचा जा रहा था, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
कबाड़ के कारोबार पर पुलिस की पैनी नजर
कोरबा में कबाड़ के कारोबार को लेकर पहले भी कई तरह के सवाल उठते रहे हैं। ऐसे में लोहे और कबाड़ से भरे वाहनों की धरपकड़ को पुलिस की सतर्कता से जोड़कर देखा जा रहा है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर इतना माल कहां से आया और इसे कहां खपाने की तैयारी थी?
पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर साफ हो सकेगी।
SN इंडिया न्यूज का सवाल
अगर माल वैध है तो उसके दस्तावेज क्या हैं? और अगर दस्तावेज नहीं हैं, तो आखिर कबाड़ और लोहे का यह माल आया कहां से? अब इन सवालों के जवाब पुलिस की जांच से सामने आएंगे।


