कोरबा/पाली:- नगर पंचायत पाली के वार्ड क्रमांक 05 बाजार मोहल्ला में रहने वाले युवक के साथ मारपीट व लूट की वारदात सामने आई है। पीड़ित ने चैतमा चौकी में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच और सीसी टीवी फुटेज खंगालने में जुट गई है।
प्राप्त शिकायत के अनुसार प्रार्थी रोहित जायसवाल, पिता रामकुमार जायसवाल, उम्र 28 वर्ष निवासी पाली ने बताया कि दिनांक 02 अक्टूबर 2026 को दोपहर लगभग 02 बजे वह अपने साथी योगेश कुमार पांडेय के साथ ग्राम पोटापानी स्थित नगरीकुडा झरना घूमने गया था। आरोप है कि वहां कुछ बाहरी युवक नहाने आई महिलाओं की अपने मोबाइल से तस्वीरें ले रहे थे, जिसका रोहित और उसके साथी ने विरोध किया। इस बात को लेकर हल्की तकरार हुई, जिसके बाद मामला शांत हो गया था। शिकायत में आगे बताया गया कि जब रोहित और उसका दोस्त वहां से वापस लौट रहे थे, तभी बीच रास्ते में विवाद करने वाले युवकों ने नीले रंग की बलेनो कार से मार्ग अवरुद्ध कर जबरदस्ती उन्हें रोक लिया। कार में लगभग पांच युवक सवार थे तथा उन्होंने गाली- गलौज करते हुए रोहित व उसके साथी के साथ मारपीट की। साथ ही मोबाइल, नगदी छिनकर फरार हो गए। पीड़ित रोहित ने घटना के तुरंत बाद डायल 112 को कॉल किया, जो मौके पे पहुँची लेकिन तब तक कार सवार युवक भाग चुके थे। जिसकी लिखित शिकायत 03 अक्टूबर 2026 को चौकी प्रभारी चैतमा, थाना पाली को देकर उचित कार्रवाई की मांग की है। जिस संबंध में पुलिस द्वारा आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसी टीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है और बलेनो वाहन की तलाश की जा रही है।


