मध्य प्रदेश के इंदौर जिला जेल में कैदियों तक चोरी-छिपे नशीले पदार्थ और तंबाकू पहुंचाने का मामला सामने आया है। सोमवार रात मुख्य गेट पर तलाशी के दौरान जेल प्रहरी देवेंद्र चौहान के कपड़ों और जूतों में छिपाकर रखे गए बीड़ी और तंबाकू के पैकेट बरामद किए गए। सूत्रों के मुताबिक, बरामद सामान में चरस भी शामिल थी, हालांकि जेल अधीक्षक जवाहर मंडलोई ने बीड़ी और तंबाकू मिलने की पुष्टि की है, लेकिन चरस मिलने से इनकार किया है। जानकारी के अनुसार, रात करीब 2 बजे ड्यूटी पर पहुंचे प्रहरी की तलाशी के दौरान अंडरगार्मेंट्स, अंदरूनी कपड़ों और जूतों से सामान मिला।
पूरी तलाशी और जब्ती की कार्रवाई जेल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में की गई। अधिकारियों की रिपोर्ट के बाद संबंधित प्रहरी को जेल ड्यूटी से हटा दिया गया है और मामले में विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। अब जांच में यह स्पष्ट होगा कि बरामद सामान में कौन-कौन से पदार्थ थे और इस मामले में किसकी जिम्मेदारी तय होती है।


