जांजगीर-चांपा। जांजगीर शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम, व्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाने तथा आए दिन लगने वाले जाम से आम नागरिकों को राहत दिलाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने पहल शुरू कर दी है। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में 11 नवंबर 2026 को प्रशासन, पुलिस, नगर पालिका और लोक निर्माण विभाग (PWD) की संयुक्त टीम ने BTI चौक से कलेक्ट्रेट तिराहा तक निर्माणाधीन डिवाइडर के दोनों ओर सड़क की चौड़ाई का सर्वे कर सीमांकन एवं मार्किंग की।
सड़क के दोनों ओर 12-12 मीटर का सीमांकन
संयुक्त टीम द्वारा निर्माणाधीन डिवाइडर के दोनों ओर 12-12 मीटर की चौड़ाई निर्धारित करते हुए मार्किंग की गई। इस दौरान सड़क किनारे निर्धारित सीमा क्षेत्र में दुकान संचालित करने वाले व्यापारियों को समझाइश दी गई कि वे स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाएं तथा सड़क की निर्धारित सीमा से बाहर दुकान का सामान, बोर्ड, फ्लेक्स और बैनर न लगाएं।
पार्किंग स्थलों का होगा विकास
सड़क पर अव्यवस्थित पार्किंग के कारण यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए सड़क के दोनों ओर कुछ शासकीय पार्किंग स्थलों का चिन्हांकन किया गया है। इसके अतिरिक्त अन्य संभावित स्थानों के शासकीय रिकॉर्ड की जांच कर उन्हें पार्किंग स्थल के रूप में विकसित करने की योजना बनाई गई है।
विद्युत खंभों की होगी शिफ्टिंग
सड़क के दोनों ओर लगे विद्युत खंभों के कारण कुछ स्थानों पर मार्ग संकीर्ण हो गया है। इन स्थानों का उपयोग पार्किंग के लिए भी किया जा रहा है। इसे देखते हुए ऐसे स्थलों को चिन्हांकित कर विद्युत विभाग से समन्वय स्थापित करते हुए खंभों की शिफ्टिंग सहित आवश्यक कार्रवाई पर विचार किया गया।
यातायात में बाधा डालने वालों पर होगी चालानी कार्रवाई
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित पार्किंग स्थलों के बजाय सड़क पर वाहन खड़े कर यातायात में बाधा उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की जाएगी। सड़क एवं फुटपाथ पर अतिक्रमण करने वालों को भी नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई है।
सभी विभागों के समन्वय से जाममुक्त शहर बनाने की पहल
इस संयुक्त कार्रवाई में राजस्व विभाग, पुलिस विभाग, यातायात विभाग, लोक निर्माण विभाग एवं नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी विभागों के आपसी समन्वय से शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और आम नागरिकों को आवागमन में होने वाली परेशानियों से निजात दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।
जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों एवं व्यापारियों से अपील की है कि वे निर्धारित सड़क सीमा का पालन करें, सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण न करें तथा दुकानों का सामान सड़क पर न फैलाएं। पुलिस ने कहा कि यातायात व्यवस्था बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। आमजन और व्यापारियों के सहयोग से ही जांजगीर शहर को जाममुक्त, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाया जा सकता है।




