कोरबा।** शहर में विकास कार्यों के नाम पर सरकारी खजाने से बड़ी-बड़ी रकम खर्च की जा रही है, लेकिन इन निर्माण कार्यों की मजबूती और गुणवत्ता कितनी टिकाऊ है, इसकी तस्वीर अब सामने आने लगी है। राताखार में नाली निर्माण को लेकर उठे सवालों के बीच अब वार्ड क्रमांक 12 की वासन नहर गली की सड़क भी चर्चा में है। करीब 75 लाख रुपये की लागत से तैयार की गई डामरीकरण सड़क निर्माण के महज सात दिनों के भीतर ही जवाब देने लगी है।
जानकारी के मुताबिक, इस सड़क निर्माण की जिम्मेदारी भवानी कंस्ट्रक्शन को सौंपी गई थी। लेकिन निर्माण पूरा होने के सप्ताहभर के भीतर ही कई स्थानों पर डामर की ऊपरी परत उखड़ने लगी है और सड़क पर बिछाई गई गिट्टियां बाहर दिखाई देने लगी हैं। बेमौसम बारिश के बाद सड़क की स्थिति और खराब होने की बात सामने आ रही है। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर 75 लाख रुपये खर्च होने के बाद भी सड़क की मजबूती सुनिश्चित क्यों नहीं हो पाई?
सड़क बनी या सिर्फ औपचारिकता पूरी हुई
किसी भी डामरीकरण सड़क की गुणवत्ता उसकी निर्माण सामग्री, निर्धारित मोटाई, बेस की मजबूती और सही तकनीकी प्रक्रिया पर निर्भर करती है। लेकिन यहां निर्माण के कुछ ही दिनों में सड़क की परत उखड़ने की शिकायत सामने आना कई सवाल खड़े कर रहा है। क्या निर्माण के दौरान गुणवत्ता के निर्धारित मानकों का पालन किया गया? क्या सामग्री की जांच हुई? और क्या सड़क तैयार होने के बाद उसका तकनीकी निरीक्षण किया गया?
ठेकेदार के साथ इंजीनियरों की भूमिका भी जांच के दायरे में
निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करना केवल ठेकेदार की जिम्मेदारी नहीं होती, बल्कि संबंधित तकनीकी अधिकारियों की निगरानी भी उतनी ही महत्वपूर्ण होती है। ऐसे में यह जानना जरूरी है कि निर्माण के दौरान निगम के जिम्मेदार इंजीनियरों ने कितनी बार मौके पर पहुंचकर काम का निरीक्षण किया और गुणवत्ता परीक्षण की प्रक्रिया किस स्तर तक पूरी की गई। यदि सड़क निर्माण के कुछ ही दिनों में खराब होने लगी है, तो इसकी तकनीकी वजह सामने लाना जरूरी है।
विकास के दावों के बीच जनता के पैसे की जवाबदेही कौन लेगा
नगर निगम क्षेत्र में विकास को लेकर मंत्री लखन लाल देवांगन, महापौर संजू देवी राजपूत और निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। लेकिन जमीनी स्तर पर यदि निर्माण कार्य टिकाऊ नहीं साबित होते, तो विकास के इन प्रयासों का लाभ आखिर आम नागरिकों को कैसे मिलेगा?
अब निगाहें निगम प्रशासन पर टिकी हैं। वासन नहर गली की सड़क का तत्काल स्थल निरीक्षण कर तकनीकी जांच कराई जानी चाहिए। यदि निर्माण में मानकों की अनदेखी प्रमाणित होती है, तो संबंधित ठेकेदार पर नियमानुसार कार्रवाई के साथ आवश्यक सुधार कार्य कराया जाए। साथ ही निगरानी में लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही भी तय होनी चाहिए।
क्योंकि सवाल सिर्फ एक सड़क के उखड़ने का नहीं है, सवाल उस 75 लाख रुपये का है जो जनता की गाढ़ी कमाई से खर्च किए गए हैं।


