कोरबा
कटघोरा क्षेत्र में पुलिस की रात्रि गश्त की पोल खोलते हुए चोरों ने कोरियर कंपनी के दफ्तर से 1.17 लाख रुपए नगदी और वन कर्मी के सूने मकान से लाखों का माल पार कर दिया।
जेंजरा चौक के पास एक कोरियर कंपनी का दफ्तर स्थित है। शनिवार रात ताला तोड़कर घुसे चोरों ने अंदर मौजूद तिजोरी को तोड़कर उसमें रखे 1 लाख 17 हजार रुपए चोरी कर लिया। सुबह जब कोरियर कंपनी के कर्मचारी दफ्तर पहुंचे तो उन्हें चोरी होने का पता चला। दफ्तर में लगे सीसी कैमरे का फुटेज खंगालने पर उसमें चोरी करने घुसा एक युवक दिखा।
इसी तरह सुतर्रा में एक वन कर्मी के सूने मकान में भी चोरों ने धावा बोला। वहां से सोने-चांदी के जेवर व नगदी रकम समेत लाखों की चोरी की गई। रविवार को घटना का पता चलने के बाद वन कर्मी को सूचना दी गई। वन कर्मी परिवार समेत बाहर होने की वजह से उसके मकान से कुल कितने की चोरी हुई है यह पता नहीं चल सका। पुलिस दोनों ही मामले में जांच कर रही है। दूसरी ओर एक ही रात में नगर के दो स्थानों में चोरी की घटना होने से क्षेत्र के लोग भी पुलिस की गश्त सुस्त होने की बात कहते हुए पुलिसिंग पर सवाल खड़े कर रहे हैं।
सीसी कैमरे से बचने के लिए डंडे से बल्ब को फोड़ दिया कोरियर कंपनी के दफ्तर में सीसी कैमरा लगे होने के बाद भी वहां जिस तरीके से चोरी हुई उससे बदमाशों के प्रोफेशनल होने और पुलिस का खौफ नहीं होने की बात सामने आई। दरअसल चोरी करने पहुंचे बदमाशों में एक व्यक्ति ही कैमरे के सामने पहुंचा ।वह पहले से अपनी शर्ट को नकाब बनाकर चेहरा पर बांध रखा था । पहले उसने डंडे से बाहर लगे बल्ब को फोड़ा, फिर दफ्तर में घुसकर वहां बिजली बोर्ड से स्वीच ऑफ कर अंधेरा कर दिया।

