कोरबा
नगर निगम ने गुरुवार को कोसाबाड़ी चौक के समीप सड़क और फुटपाथ पर लगाई जा रही फल और सब्जी दुकानों को वेंडिंग जोन में शिफ्ट किया है।
इससे आवागमन में लोगों को सुविधा होगी। कोसाबाड़ी चौक के समीप निहारिका रोड पर सड़क के किनारे फुटपाथ पर लोग बांस-बल्ली लगाकर सब्जी और फल की दुकानें लगा रहे थे। इसकी वजह से यातायात व्यवस्था पर भी प्रभाव पड़ रहा था। कई बार यहां जाम की स्थिति निर्मित होती है। इसे देखते हुए निगम ने वेंडिंग जोन बनाया है।
अब दुकानों को शिफ्ट करने की कार्रवाई भी शुरू हो गई है। राजस्व विभाग के अमले ने वेंडिंग जोन में दुकानों को शिफ्ट कराया। यहां 33 दुकानें बनाई गई हैं। आगे सड़क किनारे फुटपाथ पर दुकान लगाने पर कार्रवाई की जाएगी। दुकान संचालकों का कहना है कि व्यवस्थित जगह मिलने से अब कार्रवाई का डर नहीं है। आगे यहीं पर दुकान लगाएंगे।

