दुर्ग/रायपुर, 23 अक्टूबर। धनतेरस की रात जहां आम लोग खरीददारी और उत्सव में डूबे थे, वहीं एक कारोबारी के लिए यह रात मुसीबत बन गई। दुर्ग के कारोबारी मयंक गोस्वामी ने रायपुर क्राइम ब्रांच के कर्मचारियों पर कार की चेकिंग के दौरान 2 लाख रुपए चोरी करने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले में रायपुर एसएसपी ने क्राइम ब्रांच में पदस्थ आरक्षक प्रशांत शुक्ला को निलंबित कर जांच के आदेश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, मयंक गोस्वामी धमतरी में बाइक शो-रूम संचालित करते हैं। धनतेरस के दिन कारोबार निपटाकर वे अपने घर दुर्ग लौट रहे थे, तभी रायपुर क्राइम ब्रांच की टीम ने उनकी कार को रास्ते में रोककर चेकिंग की। कारोबारी का कहना है कि जांच के दौरान कार में रखे 2 लाख रुपए गायब हो गए। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी उनके घर तक पीछा करते आए, जिससे शक और गहरा गया।
दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल ने बताया कि कारोबारी से शिकायत प्राप्त होने के बाद प्रारंभिक जांच रिपोर्ट रायपुर एसएसपी को भेज दी गई है। चूंकि आरोप रायपुर क्राइम ब्रांच कर्मियों पर है, इसलिए कार्रवाई वहीं से होगी।
इस घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। व्यापारिक वर्ग ने धनतेरस की रात की गई पुलिस चेकिंग पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। रायपुर पुलिस ने मामले में तत्काल संज्ञान लेते हुए आरोपी आरक्षक को लाइन अटैच कर दिया है।


