कोरबा
नर्सिंग होम एक्ट का पालन नहीं कर रहे अस्पतालों पर कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के लिए राजस्व व स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम बनेगी, जो अस्पताल में नर्सिंग होम एक्ट के सभी निर्धारित मानकों का जायजा लेगी। इस संबंध में कलेक्टर अजीत वसंत ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित टीएल बैठक में जरूरी निर्देश दिए।
कलेक्टर वसंत ने विभागवार लंबित प्रकरणों की अधिकारियों से जानकारी ली। इसका निपटारा जल्द करने निर्देशित किया। बाल सम्प्रेक्षण गृह के निर्माण कार्य प्रगति की जानकारी लेकर बचे कार्यो को पूरी करने कहा। दो माह पहले जिले में डीएमएफ से स्वीकृत व अप्रारंभ कार्यों की जानकारी तैयार करने और इन कार्यो को प्राथमिकता से शुरू करने के निर्देश दिए।
रेडक्रॉस समिति को ब्लड डोनेशन वाहन उपलब्ध कराए जाएंगे। स्वामी आत्मानंद स्कूलों में अतिथि शिक्षिकों की भर्ती के लिए प्रतीक्षा सूची से मेरिट अभ्यर्थी को नियुक्ति प्रदान की जाएगी, ताकि चालू शैक्षणिक सत्र में छात्रों की पढ़ाई बेहतर हो सके। युक्तियुक्तकरण के बाद स्कूलों में ज्वाइनिंग लिए शिक्षकों की जानकारी ली। कलेक्टर ने कहा कि ज्वाइनिंग नहीं लेने वाले शिक्षकों पर कार्रवाई की जाए। जहां पीडीएस गोडाउन निर्माण की जरूरत है, निर्माण का प्रस्ताव देने कलेक्टर ने खाद्य अधिकारी को निर्देशित किया। स्कूल और आंगनबाड़ी भवन की स्वीकृति से छूटे पंचायतों में नए स्कूल, आंगनबाड़ी भवन की जरूरत की जांच होगी। इसके बाद कलेक्टर को प्रस्ताव भेजेंगे


