गेवरा-दीपका
दीपका थाना की पुलिस ने पाली रोड स्थित अग्रसेन चौक पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया। थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शराब पीकर वाहन चलाने, मोडिफाइड साइलेंसर लगा रखे चालकों पर कार्रवाई की।
यातायात नियमों का उल्लंघन नहीं करने वाहन चालकों को समझाइश भी दी। दीपका थाना प्रभारी साहू ने बताया कि 5 मामले मोडिफाइड साइलेंसर और 5 प्रकरण शराब पीकर वाहन चलाने के दर्ज किए गए हैं। ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले चालकों पर आगे भी कार्रवाई करेंगे। इधर, पाली थाना की पुलिस टीम ने ऑटो पार्ट्स की दुकान से दो मोडीफाईड सायलेंसर जब्त किया है। थाना प्रभारी जितेन्द्र यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्षेत्र के ऑटो पार्ट्स की दुकानों व गैराज की जांच की। इस दौरान पुलिस ने दो नग मोडिफाईड साईलेंसर जब्त किया है। पुलिस ने सभी दुकानदारों को चेताया है कि मोडिफाईड साईलेंसरो की बिक्री नहीं करें। अन्यथा कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।




