कोरबा/उरगा थाना क्षेत्र। क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने आमजन में भय और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है। ताजा मामला ग्राम छातापाठ का है, जहां ओम प्रकाश पटेल के घर में अज्ञात चोरों ने एक बार फिर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे यह प्रतीत होता है कि असामाजिक तत्वों में पुलिस का खौफ कम होता जा रहा है। उल्लेखनीय है कि कुछ दिनों पूर्व भी छातापाठ गांव में चोरी की एक बड़ी घटना हुई थी, लेकिन उस मामले में अब तक पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है। ऐसे में एक बार फिर हुई चोरी ने पुलिस की सक्रियता और सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़ा कर दिया है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाई जाए और चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपियों की जल्द पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि आमजन का भरोसा कानून व्यवस्था पर कायम रह सके। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि इस बार पुलिस चोरों तक पहुंचने में कितनी सफल होती है।
रिपोर्टर जितेन्द्र महंत कि रिपोर्ट





