कोरबा जिले के कटघोरा वन परिक्षेत्र अंतर्गत चंद्रनगर जटराज क्षेत्र में अवैध रूप से पेड़ों की कटाई का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद प्रशासन हरकत में आया।
बताया जा रहा है कि अभिषेक यादव नामक व्यक्ति द्वारा बिना किसी वैध अनुमति के हरे-भरे पेड़ों की कटाई की जा रही थी। मामला प्रकाश में आने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि लंबे समय से वन संपदा को नुकसान पहुंचाया जा रहा था।
सूचना मिलते ही दर्री के नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे और वन विभाग की टीम के साथ संयुक्त रूप से जांच की। जांच के दौरान कटे हुए पेड़ों के ठूंठ, लकड़ी के गट्ठर और कटाई में प्रयुक्त उपकरण जब्त किए गए। प्रारंभिक जांच में अवैध कटाई की पुष्टि होने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वन क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं स्थानीय पत्रकारों और जनप्रतिनिधियों की सक्रियता से यह मामला उजागर हो सका।
वन विभाग द्वारा आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है और क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है।






