कोरबा। जिले के विकासखंड कोरबा अंतर्गत ग्राम पंचायत लाबेद में शासकीय उचित मूल्य दुकान में खाद्यान्न गड़बड़ी और फर्जी एंट्री का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद कलेक्टर ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार Bharatiya Kisan Mazdoor Sanyukt Morcha के प्रदेश अध्यक्ष Arshad Lari ने जनदर्शन के दौरान कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत लाबेद की शासकीय उचित मूल्य दुकान में लंबे समय से हितग्राहियों के साथ गड़बड़ी की जा रही है।
शिकायत में कहा गया है कि दुकान संचालक द्वारा हितग्राहियों से ई-पोस मशीन में अंगूठा लगवाने के बाद भी उन्हें राशन का वितरण नहीं किया गया। आरोप है कि कई महीनों से खाद्यान्न का रिकॉर्ड मशीन में दर्ज किया जा रहा है, जबकि दुकान में राशन उपलब्ध ही नहीं है। इससे यह आशंका जताई गई है कि सरकारी खाद्यान्न की कालाबाजारी की गई है।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि फर्जी एंट्री होने के कारण लाभार्थी अन्य पीडीएस दुकानों से भी राशन नहीं ले पा रहे हैं। मामले में खाद्य विभाग की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए हैं। आरोप लगाया गया है कि विभाग की लापरवाही और मिलीभगत के कारण जिले में कई पीडीएस दुकानों में इस तरह की अनियमितताएं लगातार सामने आ रही हैं।
ज्ञापन में मांग की गई है कि संबंधित पीडीएस दुकान की तत्काल जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही दुकान को निलंबित कर हितग्राहियों को उनका हक का राशन तत्काल उपलब्ध कराया जाए।
शिकायत के बाद कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश दिए हैं। अब देखना होगा कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होती है।




