कोरबा )छत्तीसगढ़ के राशन दुकान संचालकों की मांगों को लेकर मंत्रालय में खाद्य सचिव श्रीमती रीना बाबा साहेब कंगाले से राशन विक्रेता संघ के प्रदेश अध्यक्ष रामदेव सिन्हा सहित पदाधिकारियों ने मुलाकात की। बैठक में कमीशन वृद्धि, लंबित वित्तीय पोषण राशि और राशन वितरण अवधि बढ़ाने की मांग रखी गई। कोरबा जिले के पाली विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत उतरदा की स्थिति भी प्रमुखता से रखी गई, जहां 1782 राशन कार्ड में से अब तक करीब 600 हितग्राहियों को ही राशन मिल पाया है। सर्वर और बिजली समस्या के बावजूद सरपंच प्रतिनिधि लक्ष्मीन सुंदर सिंह मरावी व समिति कर्मी सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक वितरण में जुटे हैं। समितियों ने शासन से वितरण की अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग की है। बैठक में उठे 4 बड़े मुद्दे
कमीशन वृद्धि की मांग पर जोर प्रदेशभर के राशन विक्रेताओं ने बढ़ते खर्च को देखते हुए कमीशन बढ़ाने की मांग रखी। शासन ने प्रस्ताव वित्त विभाग को भेजे जाने की जानकारी दी।
दो साल से लंबित वित्तीय राशि का मामला उठा विक्रेताओं ने लंबित वित्तीय पोषण राशि जल्द जारी करने की मांग की। सचिव ने प्रक्रिया जारी होने की बात कही।
कोरबा सहित पूरे प्रदेश में वितरण अवधि बढ़ाने की मांग कोरबा जिले की जमीनी समस्याओं और तकनीकी बाधाओं को रखते हुए समय सीमा बढ़ाने की मांग उठाई गई।
उतरदा पंचायत की स्थिति बनी बड़ा मुद्दा 1782 राशन कार्ड वाले उतरदा केंद्र में सर्वर और बिजली समस्या के बीच दिन-रात वितरण कार्य जारी है, लेकिन निर्धारित समय सीमा को लेकर समितियों में चिंता बनी हुई है।




