चलती स्कॉर्पियो की छत पर केक काटकर आतिशबाजी, वायरल वीडियो के बाद कोनी पुलिस की बड़ी कार्रवाई
बिलासपुर जिले के थाना कोनी क्षेत्र में चलती स्कॉर्पियो वाहन की छत पर केक काटकर आतिशबाजी करना युवकों को भारी पड़ गया। सोशल मीडिया में वीडियो वायरल होने के बाद कोनी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन को जब्त कर लिया है।मामला रतनपुर से रायपुर जाने वाली सर्विस रोड का है, जहां काले रंग की स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक CG 10 BP 3926 में युवक और उसकी महिला मित्र द्वारा तेज रफ्तार वाहन के ऊपर केक काटते हुए और पटाखे जलाकर स्टंटबाजी की जा रही थी। इस दौरान खुलेआम यातायात नियमों का उल्लंघन किया गया।

वीडियो इंस्टाग्राम पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर वाहन को पकड़कर थाना कोनी लाया गया। पूछताछ में वाहन चालक अरविंद सैनी, निवासी कुदुदंड बिलासपुर ने घटना स्वीकार कर ली।कोनी पुलिस ने वाहन चालक और उसकी महिला मित्र के खिलाफ यातायात नियमों के उल्लंघन सहित अन्य धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सड़क पर इस प्रकार की स्टंटबाजी और लापरवाही न करें, क्योंकि इससे न केवल नियमों का उल्लंघन होता है बल्कि आम लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती है।






