कोरबा/बांकी मोंगरा। बांकी मोंगरा से चार नंबर खदान मार्ग पर सोमवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे ने इलाके को झकझोर कर रख दिया। बाइक और स्कूटी की टक्कर के बाद सड़क पर गिरे एक युवक को पीछे से आ रहे ट्रेलर ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में ग्राम रोहिना निवासी तुलसी दास की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, रोहिना निवासी दो युवक बाइक से बांकी मोंगरा बाजार की ओर जा रहे थे। बांकी मोंगरा नंबर-2 से घुरदेवा बाईपास मोड़ के पास बाइक चालक आगे चल रहे भारी वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही स्कूटी से बाइक की भिड़ंत हो गई।
टक्कर के बाद बाइक सवार सड़क पर जा गिरे। इसी बीच पीछे से आ रहा ट्रेलर वहां पहुंचा और उसकी चपेट में आने से तुलसी दास की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे में स्कूटी सवार दो लोगों समेत तीन लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
मुआवजे की मांग को लेकर सड़क पर उतरे ग्रामीण
हादसे की खबर फैलते ही मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घटना से आक्रोशित लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। चक्काजाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित हुआ।
मौके पर नायब तहसीलदार अमरजीत आंचल भी पहुंचे और ग्रामीणों तथा मृतक के परिजनों से बातचीत की। ग्रामीणों ने इस मार्ग पर लगातार दौड़ने वाले भारी वाहनों और तेज रफ्तार पर चिंता जताते हुए यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने की मांग की।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही बांकी मोंगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, ओवरटेक के दौरान किस स्तर की लापरवाही हुई और वाहनों की गति कितनी थी, इन सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है।
फिलहाल हादसे के बाद क्षेत्र में शोक के साथ आक्रोश का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों की मांग है कि मृतक के परिवार को उचित आर्थिक सहायता देने के साथ ही इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही और यातायात व्यवस्था को लेकर ठोस कदम उठाए जाएं।

