कोरबा/पाली:- एक ओर प्रदेश की भाजपा सरकार गौ- वंश को माता का दर्जा देते हुए इसके संरक्षण के खूब दम्भ भर रही है, वहीं दूसरी ओर बेजुबान और बेसहारा मवेशियों की बूचड़खाना तस्करी का खेल जारी है। पाली थाना क्षेत्र में इन दिनों मवेशी तस्कर सक्रिय है जो बिचौलियों के माध्यम से रात के अंधेरे में मवेशियों को ट्रकों- कंटेनरों में भरकर वध के लिए दूसरे राज्यों में ले जा रहे है। गांव- गांव में घूमने वाले बेसहारा गाय- बैलों को मवेशी तस्कर सक्रिय दलालों के माध्यम से 500 रुपए के हिसाब से खरीद रहे है और उन गौ- वंशो को भारी वाहनों में ठूंस- ठूंसकर भरने के बाद बूचड़खाना ले जा रहे है। इस पर पुलिस की सांठगांठ का आरोप भी लग रहा है। बीते शनिवार रात्रि करीब 9 बजे पाली क्षेत्र के ग्राम कपोट के आश्रित सोनारडीह में एक यूपी पासिंग कंटेनर में दर्जनों गाय- बैलों को भरकर वध के लिए दूसरे राज्य ले जाने तस्करों के प्रयास सफल रहा। कुछ जागरूक लोगों को जब इस अवैध गतिविधि की जानकारी मिली तब उन्होंने गौ संरक्षण का ढोल पीटने वाले पाली क्षेत्र के संरक्षकों को इसकी जानकारी दी, लेकिन उन्होंने इस दुस्साहस पर रोक लगाने कोई सक्रियता नही दिखाई, नही तो उनके द्वारा मवेशी तस्करी में लिप्त गिरोह की धर पकड़ की जा सकती थी। गांव के जागरूक लोगों ने मवेशी से भरे वाहन रोकने का अथक प्रयास भी किया लेकिन विशेष रूप से तैयार ड्राइवर वाहन सहित दर्जनों मवेशी लेकर कटघोरा के रास्ते अपने गंतव्य की ओर ओझल हो गया। जिसकी जानकारी कटघोरा थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी को दी गई तब उन्होंने बिना समय गवाएं अपने स्तर पर सभी मुख्यमार्गों की नाकेबंदी करा दी, लेकिन सभी रास्ते की पूरी जानकारी रखने वाले कंटेनर चालक दूसरे रास्ते से भाग निकले। बताया जा रहा है कि पाली क्षेत्र में मवेशी की यह तस्करी सुनियोजित ढंग से हो रही है, जिसमे गांव के ग्रामीणों को चंद पैसों का लालच तथा स्थानीय पुलिस को मोटी माहवारी देकर यह खेल जारी है। जो स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। जानकार सूत्र बताते है कि पशुओं की खेप बंगाल के अलावा असम, मिजोरम, मेघालय तथा बांग्लादेश के बूचड़खानों में पहुँचायी जाती है, जहां वध करने के बाद इसका मांस भक्षण के लिए बिक्री होता है। छत्तीसगढ़ में इस अवैध कारोबार से जुड़े लोगों की जेबें जमकर भरती है। सोचनीय है और दुखद भी की जिस छत्तीसगढ़ राज्य में गौ- वंश की सुरक्षा के लिए पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने गोधन न्याय योजना चलाई और वर्तमान भाजपा सरकार जिस गौ- वंश के संरक्षण व सुरक्षा की बात करते थकते नही है, उसी राज्य से बेजुबान और बेसहारा मवेशियों को दूसरे प्रांत ले जाकर वध के लिए बूचड़खाने में बेचा जा रहा है।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.




