चैतमा चैतमा के समीप मानिकपुर गांव में महिलाओं ने शराबबंदी के लिए मोर्चा खोलकर शांतिपूर्ण तरीके से गांव में आंदोलन कर रहीं हैं। चैतमा गांव के समीप स्थित मानिकपुर गांव दीपका थाना अंतर्गत आता है। गांव में लंबे समय से अवैध शराब बिक्री के कारण अधिकांश पुरुषों व बच्चों को नशे की लत लग रही है।
वहीं दूसरे गांव से भी नशेड़ी शराब पीने मानिकपुर पहुंचते हैं। इसकी वजह से गांव की महिलाएं परेशान थी, जिन्होंने अब एकजुट होकर शराबबंदी के लिए मोर्चा खोल दिया है। 2-3 दिन से गांव की महिलाएं घर-घर से निकलकर शांतिपूर्ण ढंग से आंदोलन कर गली में बैठकर धरना दे रहीं हैं। इसकी जानकारी होने पर दीपका थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू स्टॉफ व सरपंच जयसिंह आयाम के साथ मानिकपुर गांव पहुंचे, जहां आंदोलन कर रहीं महिलाओं से उन्होंने चर्चा कर जानकारी ली।
इस दौरान महिलाओं ने गांव में शराब बनने और बिकने की वजह से गरीबी, घरेलू हिंसा, परिवारिक कलह, युवा वर्ग का नाश, अपराध वृद्धि और सामाजिक असुरक्षा की जानकारी देते हुए गांव में शराबबंदी लागू करने की जरूरत बताई। उनकी मांग पर थाना प्रभारी साहू ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ कार्रवाई और नशे में होने वाली घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया। साथ ही महिलाओं में नशे के खिलाफ अभियान के लिए महिला कमांडो का चयन करके उन्हें साड़ी बांटी। नशे के खिलाफ धरना देतीं महिलाएं।




