कोरबा/पाली:- छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी अभियान 15 नवम्बर से शुरू हो गया है तथा यह अभियान 31 जनवरी तक चलेगा। सहकारी समिति कर्मचारी संघ एवं धान खरीदी कम्प्यूटर आपरेटर संघ के अपनी चार सूत्रीय मांग को लेकर प्रदेश व्यापी हड़ताल पर चले जाने के बावजूद धान खरीदी के लिए सम्पूर्ण चाक- चौबंद और पारदर्शी व्यवस्था शासन द्वारा की गई है। इसी कड़ी में पाली विकासखण्ड के बकसाही केंद्र पर अधिकारियों- कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में विधिवत पूजा- अर्चना कर और स्थानीय ग्राम के किसान बुंदलाल मरकाम का आत्मीय स्वागत व फूल- माला से अभिनंदन करते हुए 30 क्विंटल धान की बोहनी के साथ धान खरीदी का शुरुआत किया गया। इस दौरान उपस्थित सहकारी सेवा समिति पाली के अध्यक्ष प्रयाग नारायण सांडिल्य ने कहा कि सरकार की यह योजना किसानों के हित मे एक महत्त्वपूर्ण कदम है, जिससे किसानों को उचित मूल्य और समय पर भुगतान होगा। वहीं भाजपा कोरबा जिला कार्यसमिति सदस्य एवं डोंगानाला उपसरपंच कीर्ति कश्यप ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार का स्पष्ट लक्ष्य है कि हर किसान बिना किसी परेशानी के अपना धान बेंच सके, समय पर भुगतान पाए और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी एवं सम्मानजनक हो। आज जिस उत्साह और विश्वास के साथ किसानों ने खरीदी केंद्र का रुख किया है, वह छत्तीसगढ़ की कृषि आधारित अर्थव्यवस्था की मजबूती के प्रतीक है। सरकार का ध्येय केवल धान खरीदना नही, बल्कि किसान के श्रम का सम्मान सुनिश्चित करना है और यही भावना इस पूरे अभियान की सबसे बड़ी शक्ति है। इस अवसर पर केंद्र प्रभारी शिवपाल सिंह मरावी, सरपंच बकसाही नूतन राज, उपसरपंच संतोष कश्यप, पंच रामेश्वर मरकाम, नील कुमार उइके, रामधन मरावी, श्रीमती कामिनी कश्यप, पंचायत सचिव अशलेष डिक्सेना, भाजपा मंडल पाली के महामंत्री कामता जायसवाल, शाखा प्रबंधक रेवती रमन कश्यप, सहकारिता निरीक्षक भूपेंद्र कुमार साहू, नोडल अधिकारी श्रीमती नूपुर सिंह व किसानगण उपस्थित थे।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.




