कानपुर में थार से 60 साल के LIC एजेंट को कुचलने वाली आरोपी लड़की को गिरफ्तार करना पुलिस को भारी पड़ा है। रविवार शाम गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने लड़की को कोर्ट में पेश किया।
कोर्ट ने आरोपी को निजी मुचलके पर रिहा कर दिया और पुलिस को फटकार लगाई। कोर्ट ने पूछा- सड़क हादसे के मामले में हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज कैसे दर्ज कर लिया। आखिर दुर्घटना के मामले को हत्या का मामला किस आधार पर बनाया गया?
आरोपी लड़की इटली में पढ़ाई कर रही है। वह दिवाली मनाने घर आई थी। शनिवार शाम लड़की की थार से LIC एजेंट की कुचलकर मौत हो गई थी। पुलिस ने इस केस में हत्या का केस दर्ज किया था। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रविवार को पुलिस की कार्रवाई से नाराज बेटा राहुल सिंह चौहान पोस्टमॉर्टम हाउस में धरने पर बैठ गया। बेटे ने आरोप लगाया कि ये सिर्फ हादसा या टक्कर नहीं, बल्कि मर्डर है। हादसे के बाद भागने के चक्कर में 50 मीटर तक रौंदकर मार डाला।


