जांजगीर-चांपा। चांपा पुलिस की सक्रियता का एक और शानदार नमूना सामने आया है। ग्राम कुरदा में चल रहे जुए के फड़ पर पुलिस ने ऐसी रणनीतिक दबिश दी कि चार जुआरी पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, मौके से ताश की पत्तियां और कुल ₹1920 की नगदी बरामद की गई।
अब इसे पुलिस की बड़ी उपलब्धि कहें या जुए के छोटे से फड़ पर बड़ी पुलिसिया कार्रवाई का प्रदर्शन, यह बहस का विषय जरूर है। गौरतलब है कि जिले में अपराध और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के दावों के बीच ₹1920 की बरामदगी को उपलब्धि के तौर पर पेश करना अपने आप में चर्चा का विषय बन गया है।
पुलिस विभाग द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, 8 नवंबर की देर शाम मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम कुरदा में कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपये-पैसों का दांव लगा रहे हैं। सूचना मिलते ही चांपा पुलिस ने घेराबंदी कर दबिश दी और चार लोगों को पकड़ लिया।
चार जुआरी, ₹1920 और पुलिस की बड़ी कार्रवाई!
गिरफ्तार किए गए लोगों में बस्सु बरेठ (32), दिलीप साहू (35), राहुल बरेठ (25) और बुधराम सिंह (28) शामिल हैं। सभी ग्राम कुरदा के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने इनके विरुद्ध जुआ अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।
हालांकि, सवाल यह भी है कि पुलिस की सक्रियता का पैमाना क्या केवल छोटे-मोटे जुआ फड़ों पर कार्रवाई तक सीमित रहेगा? क्या शहर और आसपास के क्षेत्रों में दूसरी अवैध गतिविधियों पर भी इसी तरह की मुस्तैदी दिखाई देगी?
फिलहाल, चांपा पुलिस ने ₹1920 की बरामदगी के साथ अपनी कार्रवाई का हिसाब सार्वजनिक कर दिया है। अब जनता यह जानना चाहेगी कि बड़ी-बड़ी पुलिसिंग की घोषणाओं के बीच अपराध नियंत्रण की बड़ी तस्वीर कब सामने आएगी।
क्योंकि पुलिसिंग का असली इम्तिहान छोटी रकम की बरामदगी में नहीं, बल्कि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और आम नागरिकों की सुरक्षा में होता है।


