कोरबा। नगर निगम के बजट सत्र के दौरान अवैध कबाड़ व्यवसाय का मुद्दा जोर-शोर से उठाया गया। पार्षद चंद्रलोक सिंह ने निगम क्षेत्र में पनप रहे अवैध कबाड़ कारोबार और कबाड़ चोरों के आशियानों पर कड़ी आपत्ति जताते हुए इस पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

पार्षद चंद्रलोक सिंह ने कहा कि निगम और पुलिस द्वारा समय-समय पर की जा रही कार्रवाई पूरी तरह न्यायसंगत है और इससे शहर में अपराध पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी। उन्होंने निगम आयुक्त द्वारा किए जा रहे कदमों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अवैध धंधों पर लगातार कार्रवाई जारी रहनी चाहिए।
अपराधियों को संरक्षण देने वालों पर भी निशाना
बजट बैठक के दौरान पार्षद सिंह ने उन जनप्रतिनिधियों पर भी निशाना साधा, जो कथित तौर पर कबाड़ चोरी और अवैध कारोबार में लिप्त लोगों को संरक्षण दे रहे हैं। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अपराधियों का साथ देने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाना चाहिए, चाहे वह किसी भी पद पर क्यों न हो।
निगम की कार्रवाई को बताया जरूरी
चंद्रलोक सिंह ने कहा कि हाल ही में निगम द्वारा कबाड़ चोरों के ठिकानों पर की गई कार्रवाई शहर के हित में है। इससे असामाजिक तत्वों में भय का माहौल बनेगा और कानून व्यवस्था मजबूत होगी।




