ऊंचे अधिकारियों से पहचान होने का दिया झांसा, चेक के जरिए ली रकम; गारंटी के नाम पर थमाया 4 लाख का फर्जी चेक, BNS की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज
सक्ती SN इंडिया News। जिले से ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। रायपुर के होटल कारोबारी दीपक टंडन के खिलाफ सरकारी टेंडर दिलाने के नाम पर 15 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप लगाते हुए सिटी कोतवाली सक्ती में अपराध दर्ज कराया गया है। मामले की शिकायत सक्ती निवासी किशन शर्मा ने की है।
शिकायत के मुताबिक, दीपक टंडन ने उच्च अधिकारियों से अपनी पहचान और पहुंच होने का हवाला देते हुए किशन शर्मा को सरकारी टेंडर दिलाने का भरोसा दिलाया था। उसकी बातों में आकर शिकायतकर्ता ने 15 लाख रुपये चेक के माध्यम से भुगतान कर दिए। आरोप है कि रकम लेने के बाद आरोपी ने गारंटी के तौर पर 4 लाख रुपये का एक चेक दिया, जिसे शिकायतकर्ता ने फर्जी बताया है।
पहले से भी दर्ज हैं ठगी और ब्लैकमेलिंग के मामले
बताया जा रहा है कि दीपक टंडन के खिलाफ इससे पहले रायपुर और बिलासपुर में भी ठगी एवं ब्लैकमेलिंग से जुड़े मामले दर्ज हैं। अब सक्ती में 15 लाख रुपये की धोखाधड़ी को लेकर FIR दर्ज होने के बाद उसकी कानूनी मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं।
BNS की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज
सक्ती पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों, लेन-देन और फर्जी चेक की वास्तविकता की जांच कर रही है। फिलहाल इस मामले में पुलिस जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


