जांजगीर-चांपा। जिले के बम्हनीडीह थाना क्षेत्र में सूने मकान को निशाना बनाकर चोरी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने रात के समय मकान के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर रखी अलमारी से नकदी और चांदी के जेवरात चोरी कर लिए थे। ग्रामीणों की सतर्कता और पुलिस को तत्काल सूचना मिलने से दोनों आरोपी घेराबंदी के दौरान पकड़े गए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की रकम, जेवरात, वारदात में इस्तेमाल किए गए औजार और मोटरसाइकिल जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, 10 नवंबर 2026 की रात किशुन चंद्रभाष के सूने मकान को चोरों ने निशाना बनाया। आरोपियों ने मकान के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और कमरे में रखी अलमारी का लॉक तोड़कर 2500 रुपये नकद तथा पुरानी इस्तेमाल की हुई चांदी की एक जोड़ी पायल, एक मंगलसूत्र, दो अंगूठियां और एक बिछिया चोरी कर ली। चोरी किए गए चांदी के जेवरों का कुल वजन लगभग 115 ग्राम बताया गया है। वारदात के बाद आरोपी चोरी का सामान लेकर भागने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान गांव के लोगों को इसकी जानकारी हुई और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।
पूछताछ में कबूली चोरी, सामान और औजार बरामद
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना बम्हनीडीह में अपराध क्रमांक 103/2026, धारा 331(4), 305(a), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। पुलिस द्वारा गवाहों की उपस्थिति में पूछताछ और मेमोरेंडम कथन के आधार पर आरोपियों ने किशुन चंद्रभाष के मकान का ताला और दरवाजे की कुंडी पाना एवं पेचकस की मदद से तोड़कर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने दो अलग-अलग कमरों में रखी अलमारियों से चांदी के जेवर और नकदी रकम चोरी की थी। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के चांदी के जेवर, नकदी रकम तथा वारदात में इस्तेमाल किए गए पाना और पेचकस बरामद कर विधिवत जब्त किए गए। इसके अलावा घटनास्थल पर छोड़ी गई मोटरसाइकिल क्रमांक TG08AD7042 को भी पुलिस ने जब्त किया है।
दोनों आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए जेल
पुलिस ने मामले में दो आरोपियों सोनू कुमार साहू, पिता संतोष साहू, उम्र 25 वर्ष, निवासी कपिस्दा, थाना बम्हनीडीह, जिला जांजगीर-चांपा एवं रितेश कुमार पटेल, पिता घनश्याम पटेल, उम्र 26 वर्ष, निवासी कपिस्दा, थाना बम्हनीडीह, जिला जांजगीर-चांपा को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 331(4), 305(a), 3(5) बीएनएस के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में निरीक्षक पारस पटेल, सहायक उपनिरीक्षक सियाराम यादव, प्रधान आरक्षक मुकेश सिंह, मिलन राठौर, छगन साहू, आरक्षक पुनेश्वर आजाद, सुरेन्द्र मार्को, रामकुमार कंवर एवं थाना स्टाफ का विशेष योगदान रहा।


