आज बालको क्षेत्र में निवासरत अधिवक्तागण द्वारा माननीय कलेक्टर, कोरबा को ज्ञापन सौंपकर बालको से कोरबा आने-जाने वाले प्रमुख मार्गों की बदहाल स्थिति पर तत्काल कार्यवाही की मांग की गई।
बस स्टैंड–गायत्री मंदिर–रिसदा चौक, लालघाट मार्ग, ढेंगुरनाला पुल मार्ग एवं परसाभांठा मार्ग आज गहरे गड्ढों, टूटी सड़क, पुल की जर्जर स्थिति, स्ट्रीट लाइट के अभाव और सड़क किनारे भारी वाहनों की अवैध पार्किंग के कारण दुर्घटनाओं का कारण बन चुके हैं।
08 जुलाई 2026 को इसी मार्ग पर एक अधिवक्ता की कार गहरे गड्ढे में फंस गई, जिसे स्थानीय लोगों और ट्रैक्टर की सहायता से बाहर निकालना पड़ा। यह घटना बताती है कि सड़क की स्थिति कितनी गंभीर हो चुकी है।
इन मार्गों से प्रतिदिन हजारों नागरिक, स्कूली बच्चे, कॉलेज के विद्यार्थी, मरीज, एम्बुलेंस, अधिवक्ता, पुलिस एवं शासकीय कर्मचारी आवागमन करते हैं। इसके बावजूद वर्षों से स्थायी समाधान नहीं किया गया।
ज्ञापन के माध्यम से प्रमुख मांगें रखी गईं— ✔️ जर्जर सड़कों की तत्काल मरम्मत एवं आवश्यकतानुसार पुनर्निर्माण।
✔️ ढेंगुरनाला पुल की तकनीकी जांच एवं सुरक्षा कार्य।
✔️ पूरे मार्ग पर पर्याप्त स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था।
✔️ स्कूल एवं कॉलेज समय में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध।
✔️ सड़क किनारे ट्रेलर एवं ट्रकों की अवैध पार्किंग पर सख्त कार्यवाही।
✔️ नियमित निगरानी कर सुरक्षित एवं सुगम यातायात सुनिश्चित किया जाए।
हम आशा करते हैं कि जिला प्रशासन इस गंभीर जनसमस्या पर शीघ्र संज्ञान लेकर ठोस एवं प्रभावी कार्यवाही करेगा।
जनहित में आवाज उठाइए, क्योंकि मौन कभी समाधान नहीं होता।










