कोरबा। जिले के ग्राम पंचायत तिलकेजा के कलमीभाटा में धर्मांतरण को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। ग्रामीणों और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि गांव के एक घर में चोरी-छिपे धार्मिक प्रार्थना सभा के नाम पर धर्मांतरण कराया जा रहा था।
यह घटना गांव के निवासी संतोष श्रीवास नामक पास्टर के घर पर हुई। जानकारी के अनुसार, यहां कुछ लोगों के साथ मिलकर प्रार्थना का आयोजन किया जा रहा था। जब ग्रामीणों को इसकी भनक लगी, तो उन्होंने बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को सूचना दी। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर विरोध दर्ज कराया।
बजरंग दल का कहना है कि यह सिर्फ सामान्य प्रार्थना नहीं थी, बल्कि धर्मांतरण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का एक तरीका था। उन्होंने आरोप लगाया कि गांव में पहले भी इस तरह की गतिविधियां की जाती रही हैं, जिससे सामाजिक माहौल बिगड़ सकता है।
ग्रामीणों का भी कहना है कि गांव में इस तरह की गतिविधियों से शांति और आपसी भाईचारा प्रभावित होगा। वहीं, घटना की सूचना स्थानीय प्रशासन और पुलिस को भी दी गई है। अब देखना यह है कि जांच के बाद इस मामले में क्या कार्रवाई की जाती है।


