बलौदाबाजार पुलिस ने अवैध शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। थाना सिटी कोतवाली और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर नाकाबंदी कर एक अर्टिका कार से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की।
पुलिस अधीक्षक श्री ओ.पी. शर्मा के निर्देशन में जिलेभर में अवैध शराब के कारोबार और परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 7 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 1 बजे सूचना मिली कि एक सफेद रंग की अर्टिका कार (DL 1C AE 6066) में अवैध शराब भरकर ग्राम खैंदा की ओर ले जाई जा रही है।
सूचना मिलते ही थाना सिटी कोतवाली एवं साइबर सेल की टीम ने कृषि उपज मंडी खोरसीनाला के सामने खैंदा मेन रोड पर नाकाबंदी की। संदिग्ध कार को रोककर तलाशी लेने पर पुलिस ने बड़ी मात्रा में शराब बरामद की।
बरामदगी
🔹 बीच वाली सीट पर रखे बैग से 40 पाव गोवा शराब बरामद।
🔹 डिग्गी में रखे बैग से 90 पाव रोमियो देशी मसाला शराब बरामद।
🔹 कुल 130 पाव अवैध शराब (23.400 बल्क लीटर) जब्त।
🔹 शराब की अनुमानित कीमत ₹13,800।
🔹 तस्करी में प्रयुक्त अर्टिका कार (अनुमानित कीमत ₹3 लाख) भी जब्त।
पूछताछ में चालक ने अपना नाम धनकुमार टंडन (58 वर्ष), निवासी खैंदा (ड), थाना सिटी कोतवाली बताया। वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाने पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 570/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक श्री ओ.पी. शर्मा ने स्पष्ट कहा है कि जिले में अवैध शराब और अन्य नशीले पदार्थों के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। तस्करी में उपयोग किए जाने वाले वाहनों को भी जब्त कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



