बलरामपुर (SN इंडिया न्यूज)।* छत्तीसगढ़ में धान खरीदी का सीजन शुरू होने से पहले ही अवैध धान के भंडारण, परिवहन और खपाने की कोशिशों पर प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में बलरामपुर जिले में प्रशासन की संयुक्त टीमों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 406 क्विंटल धान एवं 780 बोरा धान जब्त किया है। इस कार्रवाई से अवैध धान कारोबारियों और बिचौलियों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, जिले में दूसरे राज्यों से धान लाकर छत्तीसगढ़ में खपाने की आशंका को देखते हुए राजस्व, खाद्य एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीमें लगातार सक्रिय हैं। प्रशासन की ओर से संदिग्ध स्थानों, धान के भंडारण केंद्रों और परिवहन गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। संयुक्त टीमों ने जांच के दौरान अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में धान जब्त किया। इस कार्रवाई का उद्देश्य समर्थन मूल्य पर होने वाली धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखना और अवैध तरीके से धान खपाने वालों पर रोक लगाना है।
प्रशासन ने साफ संकेत दिए हैं कि धान खरीदी व्यवस्था में किसी भी तरह की गड़बड़ी, फर्जी दस्तावेजों के सहारे धान बेचने या दूसरे राज्यों से धान लाकर यहां खपाने की कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, संयुक्त टीमों की सक्रियता से अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं।
*SN इंडिया न्यूज की भी अवैध धान के कारोबार पर लगातार पैनी नजर*
धान खरीदी का सीजन आते ही अवैध धान के कारोबार को लेकर SN इंडिया न्यूज की टीम भी लगातार अपनी नजर बनाए हुए है। किसानों के हक पर डाका डालने वाले बिचौलियों, दूसरे राज्यों से धान लाकर खपाने वाले कारोबारियों और नियमों को ताक पर रखकर अवैध भंडारण करने वालों से जुड़े मामलों को SN इंडिया न्यूज प्रमुखता से उठाता रहेगा।
आखिरकार समर्थन मूल्य पर धान बेचने का वास्तविक हक मेहनतकश किसानों का है। ऐसे में यदि कोई बिचौलिया या कारोबारी अवैध तरीके से धान खपाकर सरकारी खरीदी व्यवस्था का लाभ उठाने की कोशिश करता है, तो उस पर कार्रवाई होना बेहद जरूरी है।
*SN इंडिया न्यूज की नजर बनी रहेगी… अवैध धान के कारोबार से जुड़े हर मामले पर हमारी निगरानी जारी रहेगी। प्रशासनिक कार्रवाई और जमीनी हकीकत से जुड़ी हर बड़ी खबर आप तक पहुंचाते रहेंगे।*





