कोरबा नगर निगम के मुख्य प्रशासनिक भवन साकेत और सभी जोन दफ्तरों में प्लास्टिक पानी बोतल और प्रतिबंधित प्लास्टिक डिस्पोजल का उपयोग नहीं किया जाएगा। शुक्रवार को निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने इस संबंध में निर्देश जारी किया है। जोन दफ्तर में इसके लिए जोन कमिश्नर जिम्मेदार होंगे। इसी के साथ ही कोई भी कार्यक्रम और आयोजन में भी प्लास्टिक बोतल पर प्रतिबंध लगाया गया है।
निगम आयुक्त ने कहा है कि प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग न करने की नसीहत आम लोगों के देने से पहले ही निगम से ही शुरुआत की जा रही है। इससे ही सकारात्मक परिणाम प्राप्त हो सकते हैं। हानिकारक प्लास्टिक डिस्पोजल का उपयोग खाद्य पदार्थ और पेयजल में नहीं करने के लिए लोग प्रेरित होंगे। प्लास्टिक डिस्पोजल में गर्म खाद्य पदार्थ रखना स्वास्थ्य के लिए हानिकारक होता है। इससे कई तरह की बीमारियां होती हैं। उन्होंने कहा कि शहर की स्वच्छता और साफ सफाई में यह एक बड़ी बाधा है।
लोग प्लास्टिक डिस्पोजल और बोतल को नालियों, सड़कों में डाल देते हैं। यह नष्ट भी नहीं होता। जिसके कारण नालियों में पानी जाम की समस्या होती है। मवेशियों के लिए भी यह प्राणघातक है। डिस्पोजल को मवेशी खा जाते हैं। इससे उन्हें कई तरह की बीमारियां होती है उन्होंने दुकानदारों, होटल, रेस्टोरेंट संचालकों, चाट, ठेला, चाय दुकान में भी लोगों को प्रतिबंधित प्लास्टिक डिस्पोजल का उपयोग नहीं करने के लिए कहा है।