कोरबा, 14 जून 2026
विश्व रक्तदाता दिवस के उपलक्ष्य में एवं उच्च मुख्यालय के निर्देशानुसार केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) इकाई, केएसटीपीपी कोरबा द्वारा आज रक्तदान कार्यक्रम का आयोजन एनटीपीसी अस्पताल जमनीपाली में किया गया। यह कार्यक्रम कमांडेंट श्री राजीव कुल्हारी की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान सीआईएसएफ अधिकारियों, एवं बल सदस्यों परिवार सहित ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कुल 14 यूनिट रक्तदान किया। इस अवसर पर रक्तदान के महत्व एवं मानव जीवन की रक्षा में इसकी भूमिका पर विशेष रूप से प्रकाश डाला गया।
सहायक कमांडेंट अग्नि श्री शिवेन्द्र कुमार ने अपने संदेश में कहा कि रक्तदान महादान है तथा एक यूनिट रक्त कई जरूरतमंद मरीजों के जीवन को बचाने में सहायक सिद्ध हो सकता है। उन्होंने सभी कार्मिकों को नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने तथा समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि विश्व रक्तदाता दिवस हमें उन स्वैच्छिक रक्तदाताओं के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर प्रदान करता है, जो निस्वार्थ भाव से रक्तदान कर मानवता की सेवा में अपना योगदान देते हैं। सीआईएसएफ सदैव सामाजिक सरोकारों एवं मानवीय मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध रहा है और भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा।
रक्तदान कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों को सुरक्षित एवं नियमित रक्तदान के प्रति जागरूक किया गया तथा अधिक से अधिक लोगों को इस पुनीत कार्य से जुड़ने का संदेश दिया गया।
सीआईएसएफ इकाई, केएसटीपीपी कोरबा का यह प्रयास सामाजिक उत्तरदायित्व, मानवीय सेवा एवं जनकल्याण के प्रति बल की प्रतिबद्धता का एक उत्कृष्ट उदाहरण है।








