छत्तीसगढ़ दुर्ग :- चालान पेश करने के बदले आरक्षक ने मांगे 20 हजार :- हादसे के बाद 6 महीने थाने में खड़ी थी नई कार, एसएसपी ने किया सस्पेंड :- सड़क हादसे के बाद थाने में जब्त नई कार को छुड़वाने के लिए कोर्ट में चालान पेश करने के नाम पर 20 हजार रुपए मांगने वाले आरक्षक सोलोमन राजू को सस्पेंड कर दिया गया है। दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल ने शिकायत मिलने के बाद यह आदेश जारी किया है। निलंबित आरक्षक क्रंमाक 814 सोलोमन राजू कुम्हारी थाने में पदस्थ था। अब उसे सस्पेंड कर पुलिस लाइन भेज दिया गया है। एसएसपी की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि, बेमेतरा जिले के देवकर निवासी विमलेश कुमार द्विवेदी ने शिकायत की थी कि उनके खिलाफ दर्ज सड़क हादसे के मामले का चालान कोर्ट में पेश करने के लिए आरक्षक सोलोमन राजू ने 20 हजार रुपए की मांग की और पैसे भी ले लिए। शुरुआती जांच में आरक्षक का आचरण संदेह के दायरे में पाया गया। इसके बाद उसे निलंबित कर दिया गया।शिकायतकर्ता विमलेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि, पूरा मामला 27 दिसंबर 2025 को हुए सड़क हादसे से जुड़ा है। उनके मुताबिक कुम्हारी ओवरब्रिज के नीचे सामने से आ रही टीवीएस सुपर एक्सल उनकी कार से टकरा गई थी।
हादसे में बाइक सवार घायल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने पहले इलाज कराने की बात कही। उन्होंने घायल को रायपुर के महोबा बाजार स्थित अस्पताल में भर्ती कराया और इलाज का पूरा खर्च भी उठाया।
विमलेश का कहना है कि उस समय दूसरी तरफ के लोगों ने कहा था कि वे कोई रिपोर्ट नहीं कराना चाहते। लेकिन करीब एक सप्ताह बाद उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज हो गई। इसके बाद पुलिस लगातार फोन कर थाने बुलाती रही।
कभी रात में तो कभी सुबह आने के लिए कहा जाता था। उन्होंने कई बार नोटिस भेजने की बात कही, लेकिन थाने पहुंचने पर हर बार नए-नए दस्तावेज मांगकर वापस भेज दिया जाता था।




