कोरबा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पुराना काशी नगर में नशे में धुत एक युवक ने धारदार तलवार लेकर जमकर उपद्रव मचाया। सड़क पर तलवार लहराते हुए आरोपी राहगीरों को गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दे रहा था, जिससे पूरे मोहल्ले में दहशत फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस से भी आरोपी ने उलझने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद जवानों ने घेराबंदी कर उसे धर दबोचा।
मोहल्ले में फैली दहशत, घरों में दुबके लोग

जानकारी के अनुसार, काशी नगर निवासी 25 वर्षीय लोकेश चंद्रा (पिता स्व. रामलाल चंद्रा) शराब के भारी नशे में घर से एक बड़ी तलवार लेकर बाहर निकला। वह सड़क पर सरेआम तलवार चमकाते हुए आने-जाने वाले लोगों को गालियां बकने लगा और जान से मारने की धमकियां देने लगा। आरोपी के इस खौफनाक रूप को देखकर घबराए लोग अपने-अपने घरों में छिपने को मजबूर हो गए। स्थानीय निवासियों ने तुरंत इसकी सूचना सिविल लाइन थाना पुलिस को दी।

खाकी को देख भागने लगा आरोपी, पुलिस ने दबोचा
थाना प्रभारी आस्था शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। खाकी को सामने देख आरोपी लोकेश भागने की फिराक में पुलिस जवानों से ही उलझ गया। हालांकि, पुलिस टीम ने सूझबूझ से चक्रव्यूह रचते हुए उसे मौके पर ही दबोच लिया और उसके पास से बड़ी धारदार तलवार जब्त कर ली।
आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज
पुलिस ने आरोपी लोकेश चंद्रा को गिरफ्तार कर थाने ले आई। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



